खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- बांकीपुर/पटना।
बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि इस बार बांकीपुर की जनता पिछले चुनाव की "गलती" सुधारने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि मतदाता उस सरकार से हिसाब लेने के लिए तैयार हैं, जिसने आर्थिक मदद का लालच देकर वोट हासिल किए थे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि बांकीपुर में भाजपा की हार होती है तो यह सिर्फ एक सीट की हार नहीं होगी, बल्कि बिहार में नई, साफ-सुथरी और मुद्दों पर आधारित राजनीति की शुरुआत होगी। उनका कहना था कि जनता अब जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और ईमानदार नेतृत्व के आधार पर फैसला करना चाहती है।
'10 हजार रुपये देकर वोट खरीदने वालों को जनता देगी जवाब'
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में लोगों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का लालच देकर वोट हासिल किए गए थे। उन्होंने कहा कि इस बार मतदाता उसी का हिसाब बराबर करने के लिए तैयार हैं और लोकतंत्र में जनता ही अंतिम फैसला सुनाएगी।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोग अब समझ चुके हैं कि चुनावी वादों और लालच की राजनीति से प्रदेश का भला नहीं हो सकता। इसलिए इस बार बदलाव का माहौल दिखाई दे रहा है।
'बीजेपी और राजद के डर की राजनीति से बाहर निकलें'
प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि लोग "लालू के डर से बीजेपी" और "बीजेपी के डर से लालू" को वोट देने की पुरानी सोच छोड़ें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे योग्य और ईमानदार उम्मीदवार को चुनना चाहिए, न कि डर या राजनीतिक ध्रुवीकरण के आधार पर मतदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे लगातार बांकीपुर के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें बेहतर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
समर्थकों से बोले- सिर्फ फोटो नहीं, मतदान के दिन दिखे समर्थन
प्रशांत किशोर ने अपने समर्थकों से कहा कि केवल उनके साथ घूमने, सभा में शामिल होने या तस्वीरें खिंचवाने से बदलाव नहीं आएगा। असली समर्थन मतदान के दिन मतदान केंद्र तक पहुंचकर वोट देने से साबित होगा।
उन्होंने दावा किया कि यदि जनता पिछले 35 वर्षों से चले आ रहे भाजपा के राजनीतिक वर्चस्व को समाप्त करना चाहती है, सम्राट चौधरी के प्रभाव को चुनौती देना चाहती है और भाजपा के अहंकार को तोड़ना चाहती है, तो इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान करना होगा।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इस सीट पर उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद रिक्त हुई सीट के कारण कराया जा रहा है।
इस चुनाव में भाजपा ने संगठन से जुड़े अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहीं रेखा गुप्ता को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है।
बांकीपुर उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है और सभी की नजर अब 30 जुलाई को होने वाले मतदान तथा 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है।

Post a Comment