(किसान भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने लिया हिस्सा, बीडीओ के नेतृत्व में हुआ पौधारोपण)
तहलका आवाज संवाददाता/मुकेश कुमार मिश्रा
नौहट्टा (रोहतास)।
बिहार सरकार के 'सेवा, संकल्प और समर्पण' अभियान के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को नौहट्टा प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद लैपटॉप के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संबोधन एवं सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का लाइव प्रसारण देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सरकार के पहले 100 दिनों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। लाइव प्रसारण में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, सुशासन, कृषि, ग्रामीण विकास, जन सहयोग शिविर, गांव-गांव चौपाल, किसानों के हित में लिए गए निर्णय, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना सहित अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं एवं उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर बीडीओ मनोरमा कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं, वे अपने गांव और मोहल्लों में भी सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राशन कार्ड बनाने का कार्य चल रहा है। जो परिवार अब तक अन्न योजना से वंचित हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा करें। प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करेगा।
कार्यक्रम के समापन पर बीडीओ मनोरमा कुमारी के नेतृत्व में किसान भवन परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं 'सेवा, संकल्प और समर्पण' अभियान के तहत विभिन्न पंचायतों में भी जनप्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया। तियरा खुर्द पंचायत में मुखिया अरुण चौबे, तिलोखर पंचायत में मुखिया सविता देवी तथा तिउरा पंचायत में मुखिया नासरीन जहाँ ने पौधे लगाकर हरित बिहार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुदामा राम, बीस सूत्री अध्यक्ष दीपक चौबे, उपाध्यक्ष गुड्डू सिंह, सदस्य श्रीराम सिंह, राजेश्वर प्रसाद, एमएलसी प्रतिनिधि भानु प्रताप मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, बीपीआरओ ममता कुमारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रियेश कुमार, पंचायत सचिव चंदन कुमार, कृषि समन्वयक रितेश कुमार, उपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Post a Comment