खबर तहलका आवाज | आपकी आवाज
संवाददाता: मुकेश कुमार मिश्रा नौहट्टा (रोहतास)
प्रांतीय समाचार पत्र तहलका आवाज – आपकी आवाज में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर अब ज़मीन पर साफ़ दिखाई देने लगा है। चुटिया–कातूदाढ़ मार्ग स्थित डायवर्सन पुल, जिसकी जर्जर स्थिति और फिसलनभरी सड़क के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, वहां अब जेसीबी मशीन की सहायता से मोरम डालकर सड़क को समतल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व संबंधित विभाग द्वारा डायवर्सन पर केवल चिकनी मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया था। इसके बाद हुई बारिश से सड़क पूरी तरह फिसलनभरी हो गई थी। आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे थे, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी कठिनाई हो रही थी। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस गंभीर समस्या को तहलका आवाज – आपकी आवाज ने प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग हरकत में आया और अब जेसीबी मशीन से मोरम डालकर सड़क को समतल किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग चुटिया, कातूदाढ़ सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में डायवर्सन की खराब स्थिति से रोज़ाना सैकड़ों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
मरम्मत कार्य शुरू होने पर समाजसेवी मुराद अख्तर, भाजपा नेता बबलू पाठक, मनोज कुमार, मुमताज़ अंसारी, दीपक सिंह, राहुल कुमार तथा रामप्रबेश यादव ने तहलका आवाज की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि "तहलका आवाज निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाता है। इसी का परिणाम है कि प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर त्वरित कार्रवाई की है।"
वहीं, एमएलसी प्रतिनिधि भानु मिश्रा ने भी इस खबर की सराहना करते हुए कहा कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना पत्रकारिता का सबसे बड़ा दायित्व है और तहलका आवाज इस जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कराया जाएगा ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान के तहत पुल एवं सड़क की मजबूती पर भी ध्यान देने की मांग की है।


Post a Comment