खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के शुकराली बीघा के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौहट्टा से रोहतास की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में टेंपो पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (रेफरल अस्पताल) नौहट्टा पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान रंजीत कुमार गुप्ता (पिता- सरयू प्रसाद गुप्ता), सुमंत प्रजापति (पिता- बृजनंदन प्रजापति) तथा प्रभा देवी (पति- सुमंत प्रजापति), सभी निवासी नौहट्टा के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रंजीत कुमार गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया गया है तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टेंपो की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के प्रति और अधिक सतर्कता बरतने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment