खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- पटना/बिहार:
बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य में मानसून के सक्रिय होने तथा कई जिलों में वर्षा एवं वज्रपात (ठनका) की बढ़ती संभावना को देखते हुए आम नागरिकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। जब आसमान में घने बादल छा जाएं, तेज हवाएं चलने लगें अथवा बिजली कड़कने की आवाज सुनाई दे, तो इसे मौसम के खराब होने का संकेत मानते हुए तुरंत सुरक्षित स्थान की तलाश करनी चाहिए।
विशेष रूप से वैसे लोगों को सावधान रहना है जो खुले मैदानों, खेतों, सड़कों या अन्य खुले स्थानों पर मौजूद रहते हैं। ऐसे लोगों को यथाशीघ्र किसी पक्के एवं सुरक्षित भवन या आश्रय स्थल में शरण लेने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर, लोहे के पोल, टावर तथा धातु से बनी वस्तुओं से दूर रहने को कहा गया है, क्योंकि वज्रपात के दौरान ये स्थान अधिक जोखिमपूर्ण साबित हो सकते हैं।
किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। खेतों में काम कर रहे लोगों को मौसम खराब होने की स्थिति में तत्काल कार्य रोककर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। इसके अलावा तालाब, नदी, नहर, जलाशय एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास मौजूद लोगों को तुरंत वहां से हटने की सलाह दी गई है, क्योंकि जल क्षेत्र वज्रपात के समय अत्यंत संवेदनशील माने जाते हैं। लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।

Post a Comment