खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/काराकाट/रोहतास:
(डीईओ के निर्देश के बाद मचा हड़कंप, मानदेय वसूली और प्राथमिकी दर्ज करने की भी तैयारी)
रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड में अमान्य डिग्री के आधार पर नौकरी करने वाले 13 शिक्षकों के खिलाफ जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मदन राय ने बड़ी कार्रवाई का आदेश जारी किया है। डीईओ ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह नियोजन इकाई के सचिव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) तथा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र भेजकर सभी नामित शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने का निर्देश दिया है।
काराकाट के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह नियोजन इकाई के सचिव राहुल कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश का हर हाल में पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की डिग्री अमान्य पाई गई है, उन्हें सेवा से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनके द्वारा अब तक प्राप्त मानदेय की वसूली की जाएगी तथा संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
इन 13 शिक्षकों पर हुई कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश में जिन शिक्षकों के नाम शामिल हैं, वे इस प्रकार हैं—
सुनील कुमार – मध्य विद्यालय अमरथा
सुभाष रंजन – मध्य विद्यालय बराडीह
विनय कुमार – प्राथमिक विद्यालय किसुआडी
जय प्रकाश राम – प्राथमिक विद्यालय जहनपुरा
शशि भूषण सिंह – मध्य विद्यालय बाद
अशोक कुमार – मध्य विद्यालय बाद
इंदु कुमारी – अमौरा
विजय कुमार – मध्य विद्यालय चांदी
कन्हैया जी – मध्य विद्यालय जगदीशपुर
मुस्तकीम अंसारी – मध्य विद्यालय पांडे डिहरी
संतोष कुमार – प्राथमिक विद्यालय जई टोला
उदय शंकर कुमार राय – मध्य विद्यालय चिकसील
विश्वनाथ शर्मा – मध्य विद्यालय कुरुर
2021 में दायर परिवाद के बाद तेज हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की शुरुआत वर्ष 2021 में हुई थी, जब वरिष्ठ पत्रकार एवं बिहार प्रदेश भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति, पटना के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने इस संबंध में परिवाद दायर किया था। लंबे समय तक चली जांच और प्रक्रिया के बाद अब जिला शिक्षा विभाग ने कार्रवाई का आदेश जारी किया है।
शिक्षा विभाग का सख्त संदेश
जिला शिक्षा पदाधिकारी के इस कदम को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और फर्जी प्रमाणपत्रों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अमान्य डिग्री के आधार पर नौकरी करने वालों के खिलाफ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
तहलका आवाज इस मामले से जुड़े हर अपडेट पर अपनी नजर बनाए हुए है। यदि आगे किसी शिक्षक की प्रतिक्रिया, न्यायालय में चुनौती या विभाग की ओर से नया आदेश जारी होता है, तो उसकी जानकारी भी प्रमुखता से प्रकाशित की जाएगी।

Post a Comment