खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
संझौली (रोहतास):
रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलई गांव की मुसहर टोली में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित शराब कारोबारियों एवं उनके समर्थकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम को कार्रवाई बीच में छोड़कर वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव एवं अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार पुलिस को तिलई गांव की मुसहर टोली में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब कारोबार से जुड़े मामले में एक महिला को हिरासत में लिया और उसे थाना ले जाने का प्रयास कर रही थी।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जिसे बाद में उपचार के लिए भेजा गया।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम को सुरक्षा कारणों से महिला को छोड़कर वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान हुए इस हमले ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का काम किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस बल पर हमला करने तथा अवैध शराब कारोबार से जुड़े सभी दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है तथा दोबारा अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की तैयारी की जा रही है।

Post a Comment