⚡ ब्रेकिंग News

शराब कारोबारी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए; भाजपा नेता ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवालl


 खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

मुकेश कुमार मिश्रा/चुटिया/रोहतास:

चुटिया थाना क्षेत्र के तिलोखर गांव में सोमवार को पुलिस ने शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो कथित शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले के दौरान भाजपा नेता बबलू पाठक द्वारा लगाए गए आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना पुलिस ने तिलोखर गांव में छापेमारी कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध पहले से शराब कारोबार से संबंधित मामला दर्ज था और वे पुलिस की निगरानी में थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इधर, इस कार्रवाई के दौरान रूपेश मिश्र एवं भाजपा नेता बबलू पाठक को भी बांड भरने के लिए अनुमंडल कार्यालय भेजा गया। इस संबंध में भाजपा नेता बबलू पाठक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध बालू उत्खनन और परिवहन की जानकारी प्रशासन को दी थी। उनका कहना है कि इसी के बाद उनके विरुद्ध सनहा दर्ज कर लिया गया।

बबलू पाठक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें लगभग चार घंटे तक थाना परिसर में बैठाए रखा और बाद में बांड भरने के लिए अनुमंडल कार्यालय भेज दिया। उन्होंने इसे प्रशासनिक कार्रवाई से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई विधिसम्मत तरीके से की गई है और किसी भी व्यक्ति के साथ कानून से हटकर कोई व्यवहार नहीं किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं जारी हैं। एक ओर पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई को अपनी बड़ी सफलता बता रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भी स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कह रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...