खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास
चुटिया थाना क्षेत्र में विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मियों को प्रताड़ित करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप को लेकर एक मामला सामने आया है। मटियांव गांव निवासी राणा प्रताप सिंह के विरुद्ध एमएलसी प्रतिनिधि भानू प्रताप मिश्रा ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राथमिकी में भानू प्रताप मिश्रा ने आरोप लगाया है कि राणा प्रताप सिंह लंबे समय से विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कर्मियों, शिक्षकों, आवास सहायकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ लगातार लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी (पीजीआरओ) के यहां शिकायतें दर्ज कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। उनका आरोप है कि संबंधित कर्मियों पर शिकायत वापस लेने या कार्रवाई रोकने के नाम पर दबाव बनाया जाता है तथा उनसे रुपये की मांग की जाती है। मांग पूरी नहीं होने पर बार-बार शिकायत कर उन्हें परेशान किया जाता है, जिससे सरकारी योजनाओं का संचालन और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
एफआईआर में शिक्षक सुरेश चौधरी, संजीव मिश्रा एवं नंदकिशोर मिश्र का भी उल्लेख किया गया है। आवेदन के अनुसार, इन लोगों को भी लगातार शिकायतों के माध्यम से परेशान किया जा रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव में हैं और सरकारी कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
भानू प्रताप मिश्रा ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि उनकी पत्नी सविता देवी तिलोखर पंचायत की मुखिया हैं। पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में भी लगातार बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राणा प्रताप सिंह द्वारा कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। आवेदन के अनुसार, आरोपित ने वर्ष 1994 में उनके पिता विजयकांत मिश्र की हत्या का भी जिक्र करते हुए कहा कि हत्या करने वालों से उसका संबंध है। इस कथित धमकी के बाद उनके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व से झारखंड के भवनाथपुर थाना तथा नौहट्टा थाना में भी मामले दर्ज हैं। भानू मिश्रा ने आशंका व्यक्त की है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
चुटिया थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment