{प्रशासन ने कर्बला कमेटियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई}
खबर: तहलका आवाज आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/चुटिया/रोहतास:
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को चुटिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न कर्बला कमेटियों के सदस्यों ने भाग लिया और पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम जुलूस के प्रस्तावित रूट चार्ट की विस्तार से समीक्षा की तथा सभी कमेटियों को जिला प्रशासन एवं गृह विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि पंचायत स्तर पर सद्भावना समिति की बैठकें पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं और अब थाना स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कर्बला कमेटी एवं ताजियादार को नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का मोहर्रम जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही डीजे बजाने पर भी पूर्ण रोक रहेगी। निर्धारित समय और तय मार्ग का पालन सभी आयोजकों को करना होगा।
बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा न करें। प्रशासन सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखे हुए है और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल थाना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विधि-व्यवस्था बिगाड़ने, सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने अथवा प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी सहयोग, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
बैठक में अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण राम, प्रमोद कुमार पाण्डेय, अरुण कुमार, अनामी शरण, मुमताज अंसारी, अजय कुमार, बसंत मिश्रा, असगर सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न कर्बला कमेटियों के सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment