⚡ ब्रेकिंग News

काराकाट में जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने सुनी जनता की समस्याएं, सहयोग शिविर में ऑन द स्पॉट हुआ समाधानl

 

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

रामू सिंह/काराकाट/रोहतास:

रोहतास जिले के काराकाट प्रखंड स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में "सहयोग शिविर" का आयोजन किया गया। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और लाभुकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

लाभुकों के बीच किया गया प्रमाण पत्र एवं सहायता राशि का वितरण

शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र तथा शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। साथ ही कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

जिला पदाधिकारी ने स्वयं लाभुकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में प्राप्त कई आवेदनों का तत्काल निष्पादन किया गया और लाभुकों को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

पंचायत स्तर पर ही होगा समस्याओं का समाधान

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सहयोग शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं को पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाएगा।

ऑनलाइन भी दर्ज कर सकते हैं शिकायत

प्रशासन की ओर से बताया गया कि नागरिक अपनी शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से भी sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं, जहां उनकी समस्याओं का नियमित रूप से अनुश्रवण और समाधान किया जाएगा।

ग्रामीणों ने की प्रशासनिक पहल की सराहना

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। अब उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ता।

ग्रामीणों का कहना था कि सहयोग शिविर के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है।

जिले में 4044 आवेदन, 3304 का हुआ निष्पादन

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) आशीष रंजन ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 4044 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3304 आवेदनों का सफल निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सभी प्रखंडों में पहुंचे वरीय अधिकारी

डीपीआरओ ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित सहयोग शिविरों में वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। काराकाट के सोनवर्षा पंचायत में बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार, अकोढ़ीगोला के पकरिया पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी निलेश कुमार, बिक्रमगंज के खैरा बुधर पंचायत में डीसीएलआर संतोष कुमार, चेनारी के मल्हीपुर पंचायत में जिला पंचायती राज पदाधिकारी अमृता ओशो, डेहरी के गंगौली पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप, दिनारा के अकोढ़ा पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार, करगहर के शिवन पंचायत में डीसीएलआर अशोक कुमार, कोचस के कपसिया पंचायत में वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी तथा अन्य प्रखंडों में भी वरीय अधिकारियों ने शिविर में भाग लेकर लोगों की समस्याएं सुनीं।

प्रशासन की जनकल्याणकारी पहल

सहयोग शिविर के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सीधे पंचायत स्तर तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसी पहल से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।

सहयोग शिविर के सफल आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...