खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तियरा खुर्द एवं तिलोखर पंचायत में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
तियरा खुर्द पंचायत के मुखिया अरुण कुमार चौबे ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब धरती पर पर्याप्त संख्या में पेड़-पौधे रहेंगे तभी समय पर वर्षा होगी, वातावरण संतुलित रहेगा और सभी जीव-जंतु एवं मनुष्य स्वस्थ जीवन जी सकेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल पौधे ही न लगाएं, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल की भी जिम्मेदारी निभाएं।
वहीं तिलोखर पंचायत में भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुखिया सबिता देवी के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि भानु प्रताप मिश्रा, भाजपा नेता राकेश चौबे, कार्यपालक सहायक धर्मेंद्र गुप्ता, बबलू कुमार, आदित्य राम, शारदा देवी, योगेंद्र मेहता, अखिलेश कुमार, प्रयाग महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का निर्णय लिया गया ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को सुरक्षित और समृद्ध बना सकें।

إرسال تعليق