खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाज:
मनीष कुमार/सासाराम/रोहतास:
सासाराम के दहियाड गांव के समीप अमरा तालाब से आकोढी गोला जाने वाली सड़क पर गुरुवार को एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे में एक महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि एक अन्य यात्री को भी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो सड़क पर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए टेंपो के नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से पलटे हुए टेंपो को सीधा किया गया। हादसे में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही पर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
फिलहाल घायल महिला का उपचार कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्ट: मनीष कुमार, सासाराम

Post a Comment