खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
पटना/रोहतास:
बिहार के लिए गौरव का क्षण उस समय देखने को मिला जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाले रोहतास जिले के युवा एथलीट पीयूष राज को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 9 लाख रुपये का चेक प्रदान किया तथा बिहार सरकार में सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की।
पीयूष राज राज्य के पहले ऐसे एथलीट बने हैं जिन्होंने जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में पदक जीतकर बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है, वहीं रोहतास जिले के लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पीयूष राज की सफलता राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, रविन्द्रण शंकरण सहित बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीयूष राज के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने इस सम्मान को पूरे परिवार और रोहतास जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।
पीयूष राज ने सम्मान प्राप्त करने के बाद मुख्यमंत्री एवं बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
रोहतास जिले के इस होनहार खिलाड़ी की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सही मेहनत, लगन और अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
रोहतास के लाल पीयूष राज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

Post a Comment