खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
प्रखंड क्षेत्र की भदारा पंचायत अंतर्गत शेखपुरा टिकर स्थित अनुसूचित जाति बस्ती में विकास की एक नई इबारत लिखी गई। आजादी के बाद पहली बार बस्ती में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है। मुख्य सड़क से नंदू राम के घर तक बनने वाली गली एवं नाली का शिलान्यास नौहट्टा जिला पार्षद सुदामा राम ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
जानकारी के अनुसार इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग आठ लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू होने से वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित इस बस्ती के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के बाद से अब तक बस्ती में पक्की सड़क और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं थी। बरसात के दिनों में गलियां कीचड़ और जलजमाव से भर जाती थीं, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता था। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ती थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था।
ग्रामीणों का कहना है कि जिला पार्षद सुदामा राम के लगातार प्रयास और पहल के कारण इस योजना को स्वीकृति मिली तथा निर्माण कार्य धरातल पर उतर सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क और नाली बनने के बाद बस्ती की तस्वीर बदलेगी और लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पार्षद सुदामा राम ने कहा कि गांव और बस्तियों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी तथा लोगों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर उप सरपंच नीतेश पांडे, मुखिया प्रतिनिधि साबिर अंसारी, बाबल सिंह, वार्ड सदस्य शंभु राम, रामप्रताप ठाकुर, मूलीलाल राम, युगेश राम, भिखारी राम, राजमातीय देवी, संतरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने इस विकास कार्य को बस्ती के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए जिला पार्षद एवं पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि सड़क और नाली निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

Post a Comment