⚡ ब्रेकिंग News

रोहतास- एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा: हाइवा और मिक्सिंग ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर घायलl

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

संवादाता-मनीष कुमार/शिवसागर/रोहतास:

शिवसागर थाना क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर घोरघट के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में हाइवा ट्रक और मिक्सिंग ट्रक आमने-सामने टकरा गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोगों को ऐसा लगा मानो कोई बड़ा विस्फोट हो गया हो। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में हाइवा ट्रक के गलत दिशा में चलने की बात सामने आई है, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और आपस में बुरी तरह फंस गए।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के गांवों और खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों चालक केबिन में बुरी तरह फंसे हुए थे और गंभीर रूप से घायल होने के कारण खून से लथपथ थे। ग्रामीणों ने अपने स्तर से उन्हें निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही शिवसागर थाना पुलिस एवं एनएचएआई की रेस्क्यू टीम आपातकालीन वाहन और क्रेन के साथ मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण राहत कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। रेस्क्यू टीम को लोहे के एंगल और केबिन के हिस्सों को काटकर चालकों को बाहर निकालना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के बहरामपुर निवासी 25 वर्षीय शैलेष कुमार तथा चंदौली जिले के कदवा थाना क्षेत्र के अरगीकुआ निवासी 31 वर्षीय बसंत पांडेय के रूप में हुई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में गलत दिशा में वाहन चलाने को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...