खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा थाना क्षेत्र के चफला एवं चौखड़ा गांव में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से नौहट्टा थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से एक-एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पहले पक्ष के बशिष्ट कुमार ने दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया है कि गुरुवार की रात करीब 9:15 बजे चुटिया थाना क्षेत्र के तिउरा गांव निवासी छोटू राम एवं प्रमीला देवी उनके घर पहुंचे और लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वहीं दूसरे पक्ष की प्रमीला देवी ने अपनी प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि गुरुवार की शाम करीब 7 बजे वह चफला गांव पहुंची थी। इसी दौरान छोटू राम से शादी करने की बात से नाराज होकर बशिष्ट कुमार ने पत्थर से हमला कर उनके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह घायल हो गईं।
घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज कराया गया। दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर नौहट्टा थाना पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बशिष्ट कुमार और छोटू राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

إرسال تعليق