खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा (रोहतास): नौहट्टा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में सरकारी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांच जून को हुई इस मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे और उपयोग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
मामले को लेकर एक पक्ष के कुलदीप राम तथा दूसरे पक्ष के संतोष राम ने शुक्रवार को नौहट्टा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर समूह बनाकर हमला करने, मारपीट करने तथा विवाद को बढ़ाने का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए गए आवेदन में दोनों पक्षों ने कुल 12 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के क्रम में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलदीप राम, संतोष राम, सुशीला देवी, दिलीप राम एवं सुनीता देवी को गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment