⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा - वन माफियाओं में हड़कंप: बेल्दूरिया जंगल से 15 बोरा अवैध केंदू पत्ता जब्त"


"खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

नौहट्टा/रोहतास:


नौहट्टा (रोहतास)। रोहतास वन प्रमंडल के अंतर्गत बेल्दूरिया जंगल में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 बोरा अवैध केंदू पत्ता जब्त किया है। यह कार्रवाई संरक्षित वन क्षेत्र में केंदू पत्तों की अवैध तोड़ाई और संग्रहण की सूचना मिलने के बाद की गई। जब्त किए गए केंदू पत्तों को गुरुवार की शाम ट्रैक्टर के माध्यम से रोहतास रेंज कार्यालय लाया गया।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में संरक्षित वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर केंदू पत्तों की अवैध तोड़ाई को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद वन विभाग हरकत में आया। इसके बाद रोहतास रेंज की टीम ने अमहुआ, यदुनाथपुर, बेल्दूरिया तथा सुअरमनवा के जंगलों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान बेल्दूरिया के घने जंगल में एक अस्थायी फड़ी (खलिहान) बनाकर केंदू पत्तों को सुखाया जा रहा था। हालांकि वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले वहां मौजूद लोग फरार हो गए। मौके से करीब 15 बोरा केंदू पत्ता बरामद किया गया, जिसे विभाग ने जब्त कर लिया। जंगल के दुर्गम इलाके से केंदू पत्तों को बाहर निकालने में वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार कैमूर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में लंबे समय से केंदू पत्तों की अवैध तोड़ाई और खरीद-बिक्री का कारोबार चल रहा है। जंगलों से तोड़े गए केंदू पत्तों को झारखंड, उत्तर प्रदेश तथा स्थानीय बिचौलियों और ठेकेदारों के माध्यम से बेचा जाता है। इस अवैध कारोबार से वन माफिया मोटी कमाई कर रहे हैं, जबकि सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे क्षेत्र में केंदू पत्ता संग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए सरकारी स्तर पर टेंडर कराया जाए, तो सरकार को बेहतर राजस्व प्राप्त होगा और अवैध कारोबार पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी। लोगों ने वन विभाग से लगातार निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रोहतास रेंज के रेंजर शशीभूषण चौहान ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार जंगलों में गश्त और छापेमारी अभियान चला रही है। अवैध रूप से केंदू पत्ता तोड़ने, संग्रह करने या कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध केंदू पत्ता कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने विभागीय कार्रवाई का स्वागत किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...