खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिआरी गांव में पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार को हुई मारपीट की घटना में पति प्रेम प्रकाश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने नौहट्टा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी पुनम देवी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनम देवी ने थाना में दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति प्रेम प्रकाश चौधरी शराब के नशे में अक्सर मारपीट करते हैं। घटना के दिन भी उन्होंने मारपीट की, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में पुनम देवी ने पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
वहीं दूसरी ओर, घायल प्रेम प्रकाश चौधरी ने अपनी पत्नी पुनम देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पत्नी ने उन्हें तलाक देने की धमकी दी और मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उनका इलाज कराया गया।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों को दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। नौहट्टा थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि घटना में प्रेम प्रकाश चौधरी को गंभीर चोट लगी थी। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर उनकी पत्नी पुनम देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment