खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- रोहतक/हरियाणा:
रोहतक शहर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब डी-पार्क के पास स्थित एक जूते के शोरूम में लगे एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की करीब 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोरूम से उठी आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते पूरा बाजार धुएं और आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक रेस्क्यू और राहत अभियान चलता रहा।
मौके पर पहुंचे DC, SP और IG
घटना की गंभीरता को देखते हुए रोहतक के उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित तथा आईजी सिमरदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता Bhupinder Singh Hooda की कोठी से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुआ। एहतियात के तौर पर आसपास के पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।
लापता लोगों की आशंका से बढ़ी चिंता
घटना के बाद कुछ लोगों के आग में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। कई दुकानदार अपने कर्मचारियों और परिजनों की तलाश में परेशान नजर आए। एक दुकानदार ने रोते हुए अधिकारियों से कहा कि उसका बेटा दिखाई नहीं दे रहा है और वह अंदर फंसा हो सकता है। उसने प्रशासन से एक बार अंदर जाकर तलाश करने की गुहार लगाई।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि आग पूरी तरह नियंत्रित होने और धुआं कम होने के बाद ही सुरक्षित तरीके से तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
दुकानदारों से गले मिलकर भावुक हुए दीपेंद्र हुड्डा
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस सांसद Deepender Singh Hooda भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों और उनके परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान कई दुकानदार अपनी बर्बादी और लापता परिजनों की चिंता बताते हुए भावुक हो गए।
एक दुकानदार ने रोते हुए कहा, "मेरा बेटा नहीं मिल रहा है, बस एक बार अंदर जाकर देखवा दीजिए कि कहीं वह फंसा तो नहीं है।" पीड़ित की बात सुनकर दीपेंद्र हुड्डा भी भावुक हो गए और दुकानदार को गले लगाकर ढांढस बंधाया।
नुकसान का आकलन जारीl
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार AC कंप्रेसर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग और प्रशासनिक टीम प्रभावित दुकानों का आकलन करने में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द राहत तथा नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment