
खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
प्रखण्ड संवादाता- मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास:
(पाइपलाइन में खराबी से करीब 10 परिवार पेयजल से वंचित, टंकी से पानी ढोने को मजबूर; ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहारl
नौहट्टा प्रखंड की तिउरा पंचायत के वार्ड संख्या-8 में सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल का जल योजना का लाभ कई परिवारों तक नहीं पहुंच पा रहा है। पाइपलाइन में तकनीकी खराबी के कारण करीब दस घरों में कई दिनों से नल का पानी नहीं आ रहा है। इससे लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी टंकी के पास से लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके घरों में नल-जल योजना का कनेक्शन तो दिया गया है, लेकिन पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं हो रही है। इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना दूर से पानी ढोना उनकी मजबूरी बन गई है।
ग्रामीण रजिया देवी, शांति देवी, अनीता देवी, रीना देवी, प्रमिला देवी एवं बिनीता देवी ने बताया कि कई बार वार्ड प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से केवल आश्वासन ही मिला है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहरा सकता है। उनका कहना है कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन वार्ड संख्या-8 के कई परिवार आज भी इस सुविधा से वंचित हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) से मांग की है कि तत्काल स्थल का निरीक्षण कर पाइपलाइन की खराबी दूर कराई जाए, ताकि सभी परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई कर नल-जल योजना को सुचारु रूप से संचालित करे, जिससे वार्ड संख्या-8 के सभी घरों तक बिना किसी बाधा के पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

إرسال تعليق