खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- संभल (उत्तर प्रदेश):
संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के कासेरुआ गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर कथित रूप से अवैध रूप से निर्मित मस्जिद मुस्तफा कादरी पर जिला प्रशासन द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई के बाद नया विवाद सामने आ गया है। प्रशासन द्वारा मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के बाद परिसर की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ ऐसी सामग्री मिलने का दावा किया गया है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार, विध्वंस अभियान के बाद सुरक्षा व्यवस्था और परिसर की जांच के लिए नखासा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। तलाशी के दौरान मस्जिद के मुख्य हॉल में रखे एक गद्दे के नीचे से A-4 आकार के 49 पोस्टर बरामद किए गए, जिन पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा हुआ था। इसके अलावा एक हरे रंग का झंडा भी मिला, जिस पर सफेद रंग से आधा चांद और सितारे का चिन्ह बना हुआ था। अधिकारियों ने इसे पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज से मिलता-जुलता बताया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मस्जिद के केयरटेकर सहित आठ स्थानीय लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में जाकिर पुत्र अकबर, जाकिर हुसैन पुत्र अफसर, तस्लीम पुत्र अब्दुल मजीद, भूरे अली पुत्र शब्बीर, सरफुद्दीन पुत्र मजीउद्दीन, दिलशरीफ पुत्र शरीफ अहमद और मोहम्मद अली पुत्र दिलबर शामिल हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) कुलदीप सिंह ने बताया कि विध्वंस अभियान के बाद इमारत की विस्तृत जांच के दौरान उक्त सामग्री बरामद हुई। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात था और बरामद सामग्री को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर सील कर दिया गया है।
ASP ने यह भी बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पोस्टर और झंडा कहां से लाए गए, इन्हें किसने रखा और इसके पीछे क्या उद्देश्य था। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment