⚡ ब्रेकिंग News

असम के जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त, लैंडिंग के दौरान लगी भीषण आगl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाज:

विशेष संवादाता- जोरहाट (असम)।

भारतीय वायुसेना (IAF) का AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। घटना के बाद एयरबेस परिसर में धुएं का घना गुबार उठता देखा गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विमान नियमित उड़ान पूरी कर जोरहाट एयरबेस पर उतर रहा था। इसी दौरान लैंडिंग के समय तकनीकी समस्या या अन्य कारणों से विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने पूरे विमान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही एयरफोर्स के फायर टेंडर, इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव दल ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया और पूरे एयरबेस क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। समाचार लिखे जाने तक वायुसेना की ओर से किसी प्रकार के हताहत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

AN-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण विमान

दुर्घटनाग्रस्त AN-32 भारतीय वायुसेना के प्रमुख परिवहन विमानों में शामिल है। यह विमान लगभग 6 से 7 टन तक माल ढोने और 40 से 50 जवानों को एक साथ ले जाने में सक्षम है। ऊंचाई वाले और गर्म क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के कारण इसका उपयोग दुर्गम इलाकों में रसद और सैन्य संचालन के लिए किया जाता है। भारतीय वायुसेना के बेड़े में ऐसे करीब 100 AN-32 विमान शामिल हैं।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

गौरतलब है कि इसी वर्ष 5 मार्च को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का Su-30MKI लड़ाकू विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई थी। वह विमान भी जोरहाट एयरबेस से नियमित उड़ान पर रवाना हुआ था।

जांच के आदेश

वायुसेना ने इस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लैंडिंग के दौरान हुई तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...