खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
विशेष संवादाता- रतलाम/मध्य प्रदेश:
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जावरा अनुभाग की पिपलोदा तहसील के हतनारा गांव में निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरे जुलूस में करंट फैल गया और अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात लोग घायल हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘आंखें तक नहीं खुल रही थीं, लोग सड़क पर तड़प रहे थे’
हादसे में घायल लोगों ने बताया कि सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया। एक घायल युवक ने कहा कि ताजिया जैसे ही ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकराया, तेज करंट पूरे जुलूस में फैल गया। लोग चलते-चलते अचानक जमीन पर गिर पड़े। कई लोग सड़क पर तड़प रहे थे और कुछ की हालत इतनी गंभीर थी कि उनकी सांसें तक नहीं चल रही थीं।
घायल युवक ने बताया, "मेरी तो अभी भी आंखें ठीक से नहीं खुल रही हैं। करंट का झटका इतना तेज था कि कोई संभल ही नहीं पाया।"
करीब 20 फीट ऊंचाई पर थी हाईटेंशन लाइन
प्रत्यक्षदर्शी इमामुद्दीन मंसूरी के अनुसार, मुहर्रम के अवसर पर गांव में लगभग 200 लोग ताजिया जुलूस में शामिल थे। इसी दौरान करीब 20 फीट की ऊंचाई से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से ताजिया टकरा गया। ताजिया के संपर्क में आते ही करंट पूरे जुलूस में फैल गया और आगे चल रहे लोग एक-एक कर जमीन पर गिरने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की लाइन सामान्य से काफी नीचे थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना के समय पुलिस और बिजली विभाग का कोई कर्मचारी नहीं था मौजूद
हादसे के चश्मदीद शेरू ने बताया कि घटना के समय मौके पर न तो पुलिस बल मौजूद था और न ही बिजली विभाग का कोई लाइनमैन। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
तीन लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे में मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है। बताया गया कि अरबाज की मौत की भी पुष्टि हो चुकी है, हालांकि परिजन उन्हें अस्पताल से अपने साथ ले गए, जिसके कारण औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, एसडीओपी संदीप मालवीय तथा पिपलोदा तहसीलदार देवेंद्र धानगढ़ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
हादसे का वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में करंट लगने के बाद जुलूस में भगदड़, लोगों की चीख-पुकार और सड़क पर गिरे घायल साफ दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोग अपनी जान जोखिम में डालकर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते नजर आ रहे हैं।
हादसे ने खड़े किए कई सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग पहले से सतर्क रहता, हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई की जांच होती और जुलूस के दौरान पुलिस व बिजली विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहती, तो शायद इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Post a Comment