⚡ ब्रेकिंग News

दिल्ली में पत्नी की सनसनीखेज हत्या: दूसरी महिला से अफेयर और सट्टेबाजी के विवाद में पति ने मारीं 4 गोलियां, आरोपी फरारl


खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता- संगम विहार/नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली के दक्षिणी जिले के संगम विहार (तिगड़ी) इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां पति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी को कथित तौर पर चार गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

दो साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम राजपूत की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि शुभम ने अपनी पत्नी पर लगातार चार गोलियां चला दीं।

गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का आरोप- दूसरी महिला से था संबंध

मृतका के मायके पक्ष ने आरोपी शुभम राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शुभम का किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध था। पत्नी जब इस रिश्ते का विरोध करती थी तो वह उसे जान से मारने की धमकी देता था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते शुभम ने उनकी बेटी की हत्या कर दी।

सट्टेबाजी में शामिल होने का भी आरोप

परिजनों ने यह भी दावा किया है कि शुभम कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ा हुआ था। उनका कहना है कि इसी कारण घर में अक्सर आर्थिक तंगी और तनाव बना रहता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। जांच टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस, वैज्ञानिक साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आरोपी की तलाश में कई टीमें

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, हत्या और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी शुभम राजपूत फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के कथित अफेयर, सट्टेबाजी से जुड़े आरोपों और उसके आपराधिक रिकॉर्ड सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के सामने पेश किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद हत्या के कारणों की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...