⚡ ब्रेकिंग News

सासाराम- मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से जारी की मई माह की पेंशन राशि, रोहतास के 2.81 लाख लाभार्थियों को मिला 32.37 करोड़ रुपये का लाभl

खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

विशेष संवादाता- सासाराम/रोहतास:

सासाराम, 10 जून 2026। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मई 2026 माह की पेंशन राशि का हस्तांतरण बुधवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में किया गया। इस अवसर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में किया गया।

रोहतास जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित लाइव कार्यक्रम में जिलाधिकारी उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लगभग 100 लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा इन योजनाओं के उद्देश्यों एवं लाभों पर प्रकाश डाला गया।

राज्यस्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार के कुल 94 लाख 29 हजार 698 लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 1,096 करोड़ रुपये की पेंशन राशि अंतरित की गई। वहीं रोहतास जिले में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 2 लाख 81 हजार 995 लाभार्थियों के खातों में 32 करोड़ 37 लाख 87 हजार 700 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की गई।

अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य वृद्धजन, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। सरकार द्वारा दी जा रही यह नियमित सहायता जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही है, जिससे उन्हें दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को यह भी बताया गया कि डीबीटी प्रणाली लागू होने के बाद पेंशन वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनी है। अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और लाभार्थियों को समय पर राशि प्राप्त हो रही है।

जिला प्रशासन ने सभी लाभार्थियों से अपने बैंक खाते, आधार संख्या एवं अन्य आवश्यक विवरणों को अद्यतन रखने की अपील की है, ताकि पेंशन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन ने कहा कि सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
 

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...