खबर Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मुकेश कुमार मिश्रा/नौहट्टा/रोहतास;
नौहट्टा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए सोमवार को कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। इनमें तीन लोग न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किए गए, जबकि 10 अन्य लोगों को आपसी विवाद और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गिरफ्तार कर बांड भरने के लिए न्यायालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दारानगर निवासी मुरारी तिवारी, बनुआ निवासी बसंती देवी तथा चुनहट्टा निवासी कृष्णा राम को गिरफ्तार किया गया। तीनों के विरुद्ध न्यायालय से पहले ही वारंट जारी था।
इसके अलावा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आपसी विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अन्य लोगों को हिरासत में लिया। इन सभी को क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से न्यायालय में प्रस्तुत कर बांड भरने की प्रक्रिया के लिए भेजा गया।
नौहट्टा थाना की अपर थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि सभी 13 लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से आपसी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालने तथा कानून का पालन करने की अपील भी की।

Post a Comment