⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- हर्षोल्लास एवं भाईचारे के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा, अमन-चैन की दुआओं से गूंजे मस्जिद और ईदगाहl

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास


नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास, उत्साह एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश, प्रदेश एवं समाज में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और प्रेम, सौहार्द तथा एकता का संदेश दिया।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार लोगों ने बकरों की कुर्बानी अदा की। इस अवसर पर धर्मगुरुओं एवं जानकारों ने बताया कि ईद-उल-अजहा केवल पशु कुर्बानी का पर्व नहीं है, बल्कि यह अपने अहंकार, बुरी आदतों और मन में व्याप्त नफरत को त्यागने का भी संदेश देता है। यह पर्व त्याग, समर्पण, इंसानियत और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुर्बानी के मांस को तीन हिस्सों में बांटने की परंपरा है। पहला हिस्सा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए, दूसरा हिस्सा रिश्तेदारों एवं परिचितों के लिए तथा तीसरा हिस्सा स्वयं कुर्बानी देने वाले परिवार के लिए रखा जाता है। इस परंपरा के माध्यम से समाज में समानता, सहयोग और मानवता का संदेश दिया जाता है।

प्रखंड के शाहपुर, बौलिया, दारानगर, भदारा, शेखपुरा, नीमहत, सुकरली बीघा, तिउरा, परछा एवं यदुनाथपुर सहित विभिन्न गांवों में श्रद्धालुओं ने पूरी अकीदत और उत्साह के साथ नमाज अदा की। ईद के मौके पर उपमुखिया गुलबहार खान, महबूब मौलवी, कलंदर अली, मुराद अख्तर, मुमताज अंसारी, पिंटू खान, सोएब अहमद, मुख्तार अंसारी, टिंकू आलम, अख्तर हुसैन, आफताब आलम समेत कई गणमान्य लोगों ने क्षेत्रवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

बकरीद पर्व को लेकर प्रखंड प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बीडीओ मनोरमा कुमारी, सीओ मनोज कुमार, थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार, रोहित कुमार एवं सर्वेश कुमार पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। प्रशासन की सतर्कता एवं लोगों के सहयोग से पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...