खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
कहलगांव/भागलपुर:
कहलगांव अनुमंडल के सिया पंचायत अंतर्गत बरैनी गांव में सरकारी तालाब की खुदाई को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा, मारपीट और हिंसक उपद्रव हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उग्र ग्रामीणों ने मुखिया पति की पिटाई करने के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान सरकारी वाहन और जेसीबी मशीन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक निर्देश पर सरकारी तालाब की खुदाई कराने के लिए जेसीबी मशीन के साथ टीम बरैनी गांव पहुंची थी। खुदाई कार्य शुरू होते ही कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और मौके पर मौजूद सिया पंचायत की मुखिया के पति रवि पासवान को ग्रामीणों ने घेरकर जमकर मारपीट कर दी।
घटना के समय मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सह आईएएस अधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मौजूद थे। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए भीड़ के बीच फंसे रवि पासवान को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उन्हें भीड़ से बचाया गया।
मुखिया पति को बचाए जाने से नाराज उग्र ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक सरकारी वाहन तथा खुदाई कार्य में लगी जेसीबी मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में मुखिया पति रवि पासवान, हेमजापुर निवासी सुमन कुमार, जय कुमार यादव, गौतम कुमार, बरैनी गांव के राजेश कुमार तथा जेसीबी चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों की पुलिस, इंस्पेक्टर, एसडीपीओ तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के उग्र रुख को देखते हुए स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।
लाठीचार्ज के बाद उपद्रवी ग्रामीण मौके से भाग निकले और प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन ने कहा है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी रखी गई है।

Post a Comment