खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
मनीष कुमार/दरीहट/रोहतास:
डेहरी प्रखंड के ग्राम दरिहट स्थित बाबा सूरदास कुटिया एवं श्री राम-जानकी मंदिर परिसर, रामप्यारी गर्ल्स हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले भव्य रुद्र महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महायज्ञ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है।
प्रभात खबर के वरिष्ठ पत्रकार एवं रुद्र महायज्ञ समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह ने यज्ञ स्थल पर पहुंचे सभी शिव शिष्यों, गुरु भाइयों, गुरु बहनों तथा श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, भाईचारा और मानव कल्याण का संदेश देने वाला एक महान आयोजन है।
अशोक सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करते हुए कहा कि 1 जून 2026 को आयोजित होने वाले जलभरी कार्यक्रम तथा महायज्ञ के विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें। उन्होंने कहा कि यज्ञ में भाग लेने से वातावरण शुद्ध होता है और लोगों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार होता है।
उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, प्रवचन, भजन-कीर्तन तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण लगातार व्यवस्था में जुटे हुए हैं ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समिति अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों सहित आसपास के गांवों के लोगों को भी इस धार्मिक आयोजन में सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि सभी भक्तगण यज्ञ स्थल पर पहुंचकर भगवान शिव की आराधना करें और धर्म लाभ प्राप्त करें।
महायज्ञ को लेकर पूरे दरिहट गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है तथा श्रद्धालु आयोजन की सफलता के लिए लगातार सहयोग कर रहे हैं।

Post a Comment