⚡ ब्रेकिंग News

नई दिल्ली- 29 मई को बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्टl


 खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl 

मौसम विभाग (IMD)/नई दिल्ली:

देशभर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 मई 2026 से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग ने देश के करीब 15 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली कड़कने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


बिहार-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमानl


मौसम विभाग के अनुसार बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। बिहार और उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार आंधी के साथ झमाझम बारिश होने का अनुमान है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 29 मई को तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान में धूलभरी आंधी, बिजली चमकने और प्री-मानसून बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है।


पहाड़ी राज्यों में येलो अलर्टl


हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। शिमला, मनाली, कुल्लू समेत हिमाचल के लगभग 10 जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर सहित कई क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में 28 से 30 मई तथा हिमाचल प्रदेश में 29 मई को व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां

आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार बढ़ रही है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तथा उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।


पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिशl


पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 1 से 3 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी 29 मई से 1 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाहl

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों को फसल और कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी है। प्रशासन को भी संभावित मौसमीय आपदाओं से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...