खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
अनिल कुमार/सासाराम/रोहतास:
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने की। बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी बकरीद पर्व को लेकर जिले की विधि-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार ने बताया कि जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्ती एवं पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए बकरीद पर्व मनाने की अपील की।

Post a Comment