खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव नीचला खोरी में मंगलवार की देर शाम एक महिला की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मृतका की पहचान अरविंद विश्वकर्मा की पत्नी सविता देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शंभू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मृतका के श्वसुर कैलाश शर्मा के बयान पर नौहट्टा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि गांव के शंभू विश्वकर्मा की नजर सविता देवी पर काफी दिनों से खराब थी। परिजनों के अनुसार कुछ माह पूर्व बिजली विभाग की छापेमारी के दौरान शंभू विश्वकर्मा के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जिसके लिए वह सविता देवी को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब सविता देवी नौहट्टा बाजार जा रही थीं, उसी दौरान शंभू विश्वकर्मा उनका वीडियो बना रहा था। इसका विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ। घटना से आहत सविता देवी ने उसी दिन नौहट्टा थाना पहुंचकर शंभू विश्वकर्मा पर छेड़खानी एवं प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि थाना में शिकायत दर्ज कराने के कुछ घंटे बाद ही देर शाम सविता देवी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में पुलिस ने शंभू विश्वकर्मा, प्रिंस विश्वकर्मा, विट्टु विश्वकर्मा समेत आठ लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी शंभू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

Post a Comment