खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
प्रखंड मुख्यालय स्थित डिग्री कॉलेज तक जाने के लिए सड़क निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में जदयू प्रखंड अध्यक्ष दीपक चौबे ने बिहार सरकार के प्रभारी मंत्री Ashok Choudhary से मुलाकात कर छात्र-छात्राओं की समस्याओं को उनके समक्ष रखा तथा जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
दीपक चौबे ने बताया कि नौहट्टा हाई स्कूल से डिग्री कॉलेज तक लगभग तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को सड़क के अभाव में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गर्मी के दिनों में विद्यार्थी खेतों की मेड़ और कच्चे रास्तों से होकर किसी तरह कॉलेज पहुंचते हैं, लेकिन बरसात शुरू होते ही स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पूरे रास्ते में कीचड़ और जलजमाव हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार छात्र-छात्राओं को फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
जदयू अध्यक्ष ने बताया कि बरसात के दिनों में छात्र-छात्राओं को बिस्कोमान भवन के पास से करमडीहा गांव और फिर पहाड़िया गांव होते हुए लंबा चक्कर लगाकर कॉलेज पहुंचना पड़ता है। इससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि यदि हाई स्कूल से कॉलेज तक सीधी सड़क का निर्माण हो जाए तो हजारों विद्यार्थियों और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
प्रभारी मंत्री से मुलाकात के दौरान दीपक चौबे ने इस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए कॉलेज तक बेहतर सड़क संपर्क जरूरी है। सड़क बनने से न केवल विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने भी सरकार से जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण कराया जाता है तो आने वाले बरसात के मौसम में छात्र-छात्राओं को राहत मिल सकेगी।


Post a Comment