खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
रोहतास जिले के सासाराम नगर निगम क्षेत्र में उस वक्त राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई, जब अड्डा रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक गुमटी से प्रशासन द्वारा शराब बरामद किए जाने की खबर सामने आई। इस मामले को लेकर वार्ड संख्या-23 के पार्षद राजेश कुमार उर्फ मंटू गुप्ता का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शराब बिक्री के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिसके बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उक्त गुमटी से शराब बरामद की और बाद में सासाराम नगर निगम के सीईओ द्वारा गुमटी को सील कर दिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितनी मात्रा में शराब बरामद हुई है और गुमटी में रखी गई शराब किसकी थी। मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इधर, वायरल वीडियो को लेकर वार्ड पार्षद मंटू गुप्ता ने अपनी सफाई देते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस तरह का प्रचार किया जा रहा है। पार्षद का कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।
फिलहाल नगर निगम क्षेत्र में यह मामला चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है कि वायरल वीडियो और शराब बरामदगी मामले में आखिर क्या सच सामने आता है।

Post a Comment