खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाज:
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नौहट्टा प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को नौहट्टा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने की, जबकि संचालन थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने किया।
बैठक में ईदगाह कमेटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान बकरीद की नमाज, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई व्यवस्था एवं पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि दारानगर ईदगाह में बकरीद की नमाज सुबह 7 बजे अदा की जाएगी। वहीं क्षेत्र की अन्य मस्जिदों में नमाज का समय सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
बैठक में अधिकारियों ने लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। बीडीओ मनोरमा कुमारी ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम और त्याग का संदेश देने वाला पर्व है, इसलिए सभी लोग सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। वहीं थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कुर्बानी के बाद साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर एवं पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि कहीं भी गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया है।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

إرسال تعليق