खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:
सासाराम शहर में बढ़ती गंदगी और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए जिला नागरिक परिषद, रोहतास ने सासाराम नगर निगम से शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नए पेशाब घर (यूरिनल) निर्माण की मांग की है। परिषद के उपाध्यक्ष राजा सोनी ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सासाराम नगर निगम क्षेत्र के कई प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में सार्वजनिक शौचालय एवं पेशाब घर की भारी कमी है। इससे दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खासकर बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जिला नागरिक परिषद ने जिन स्थानों पर पेशाब घर निर्माण की मांग की है उनमें सिधी मॉल (चौखंडी), पुरानी जीटी रोड, नरायण मोड़, चौक बाजार, गोला बाजार, नवहट्टा बाजार, शेरशाह रेंज और प्रतापगंज जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
परिषद ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर शीघ्र सार्वजनिक पेशाब घर का निर्माण कराया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री, जिलाधिकारी सह सचिव जिला नागरिक परिषद रोहतास तथा महापौर नगर निगम सासाराम को भी भेजी गई है।

Post a Comment