⚡ ब्रेकिंग News

जन भागीदारी अभियान के तहत जनजातीय गांवों में जनसुनवाई, 97 आवेदन प्राप्त, 27 को मिला योजनाओं का लाभ

खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजलाल

शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास:

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के मार्गदर्शन में संचालित “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत रोहतास जिले के जनजातीय बहुल गांवों में बुधवार को व्यापक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी लाभ से वंचित न रहे।

जिला प्रशासन द्वारा चेनरी, नौहट्टा, सासाराम, रोहतास एवं तिलौथू प्रखंड के 19 गांवों में विशेष जनसुनवाई एवं इंटाइटलमेंट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित परिवारों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा पात्र लाभुकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 27 लाभुकों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित इंटाइटलमेंट का वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर जाकर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ऐसे परिवारों की पहचान की जा रही है जो अब तक किसी योजना का लाभ नहीं ले सके हैं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राशन, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत, मनरेगा एवं अन्य सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान भी चलाया गया तथा लोगों को नियमित जांच और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अभियान में रोहतास प्रखंड सहित संबंधित प्रखंडों के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इसके अलावा विकास मित्र, स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता तथा स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का उद्देश्य प्रशासन और जनजातीय समुदायों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि अंतिम पंक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...