खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
शंकर कुमार गौंड/सासाराम/रोहतास
सासाराम शहर के चौखंडी पथ, रौजा रोड स्थित पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय चौखंडी पथ में आयोजित ‘बाल कैबिनेट’, मीना मंच एवं इको क्लब चुनाव 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। विद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक माहौल और उत्साह के बीच हुए इस चुनाव में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा एनसीसी पदाधिकारी फर्स्ट ऑफिसर चंदन कुमार की देखरेख में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रधानमंत्री पद पर आर्यन मौर्या की शानदार जीत
छात्र संसद के सबसे अहम प्रधानमंत्री पद पर कक्षा IX-C के छात्र आर्यन मौर्या ने 300 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। इस पद के लिए आयुषी कुमारी, सिमरन कुमारी, सुप्रिया कुमारी एवं सागर कुमार भी मैदान में थे, लेकिन आर्यन मौर्या ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की।
वहीं उप-प्रधानमंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में प्रियांशु कुमार ने 210 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। इस पद पर निधि कुमारी एवं रागिनी कुमारी भी प्रत्याशी थीं।
शिक्षा एवं खेल मंत्रालय में रोचक मुकाबला
शिक्षा मंत्री पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में कक्षा VIII की छात्रा साक्षी कुमारी ने 300 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। वहीं उप-शिक्षा मंत्री पद पर नेहा कुमारी ने 410 मत प्राप्त कर दुर्गा कुमारी को पराजित किया।
खेल एवं संस्कृति मंत्री पद पर पांच उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें कक्षा IX-D के अनीश कुमार ने 304 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उप-खेल एवं संस्कृति मंत्री पद पर माही कुमारी ने 303 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की।
स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जल मंत्रालय की जिम्मेदारी तय
स्वास्थ्य मंत्री पद पर तनवीर कुमारी ने 300 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की। वहीं सफाई एवं स्वच्छता मंत्री पद पर आकास कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 49 मतों से हराकर जीत दर्ज की।
चुनाव की खास बात यह रही कि जल मंत्री पद पर शिवानी कुमारी तथा उप-स्वास्थ्य मंत्री पद पर प्रतिज्ञा कुमारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं।
नवनिर्वाचित बाल कैबिनेट की सूची
आर्यन मौर्या – प्रधानमंत्री
प्रियांशु कुमार – उप-प्रधानमंत्री
साक्षी कुमारी – शिक्षा मंत्री
नेहा कुमारी – उप-शिक्षा मंत्री
अनीश कुमार – खेल एवं संस्कृति मंत्री
माही कुमारी – उप-खेल एवं संस्कृति मंत्री
तनवीर कुमारी – स्वास्थ्य मंत्री
आकास कुमार – सफाई एवं स्वच्छता मंत्री
शिवानी कुमारी – जल मंत्री (निर्विरोध)
प्रतिज्ञा कुमारी – उप-स्वास्थ्य मंत्री (निर्विरोध)
शिक्षकों की भूमिका रही सराहनीय
पूरी मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की भूमिका काफी सराहनीय रही। चुनाव संचालन में हिमांशु त्रिपाठी, धनजी सिंह, चंदन कुमार, राजेश्वर प्रसाद, गुलाब यादव, अरविंद कुमार जायसवाल एवं जितेंद्र कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि जल्द ही नवनिर्वाचित छात्र मंत्रिमंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एनसीसी कैडेटों ने पूरी मुस्तैदी के साथ निभाई।

Post a Comment