खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
अनिल रोहतासी/सासाराम/रोहतास
रोहतास पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (JH03AS-0056) भी बरामद कर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, शिवसागर थाना कांड संख्या 171/26 में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक 27 मई 2026 की रात लगभग 11:30 बजे शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत सासाराम टोल टैक्स के समीप बीएनएस होटल के बगल में एनएच-2 के दक्षिणी भाग में मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो एवं विक्टोरिया वाहन पर सवार करीब 11 लोग वहां पहुंचे और एक दुकानदार से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद करने लगे।
विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी क्रम में दीपक कुमार हस्तक्षेप करने पहुंचे, जिस पर आरोपितों ने उन पर लाठी-डंडे एवं लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर शिवसागर थाना में मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी में सात नामजद एवं चार से पांच अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहतास के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न माध्यमों से जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी राज्य से बाहर भाग गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर मनाली के समीप एक होटल से मामले में संलिप्त अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
रमांशु कुमार सिंह (30 वर्ष), ग्राम कुम्हुआ, थाना शिवसागर, जिला रोहतास
कुमार शुभाम्बर उर्फ राजा सिंह (30 वर्ष), ग्राम कुम्हुआ, थाना शिवसागर, जिला रोहतास
मोनू पाठक (26 वर्ष), साकेत नगर, थाना सासाराम नगर, जिला रोहतास
अमित कुमार (29 वर्ष), ग्राम घारी, थाना कुदरा, जिला कैमूर
रवि शेखर, ग्राम सहवलिया, थाना करगहर, जिला रोहतास
ललू तिवारी, ग्राम कुम्हुआ, थाना शिवसागर, जिला रोहतास (पूर्व में गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है)
पुलिस की बरामदगी
घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (JH03AS-0056)
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
रोहतास पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तथा रंगदारी और हिंसक घटनाओं में शामिल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment