⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- पांडुका पुल निर्माण की धीमी रफ्तार पर जनता नाराज, 2029 तक पूरा होने की आशंकाl


 खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl

चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:

नौहट्टा प्रखंड की बहुप्रतीक्षित पांडुका पुल परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों में अब असंतोष बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा उद्घाटन के बाद लोगों को उम्मीद थी कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा होगा और क्षेत्र को वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से मुक्ति मिलेगी। लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य की धीमी गति को देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस रफ्तार से काम चल रहा है, उसे देखते हुए पुल का निर्माण 2029 तक भी पूरा हो पाएगा या नहीं, इस पर संदेह बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, मानसून का मौसम सिर पर है और जल्द ही सोन नदी में जलस्तर बढ़ जाएगा। ऐसे में निर्माण कार्य और प्रभावित होने की आशंका है, जिससे परियोजना में और देरी हो सकती है।

लोगों का कहना है कि उद्घाटन के समय विकास और संपर्क सुविधा के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर काम की गति उन दावों के अनुरूप नहीं दिख रही है। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त संसाधन और मजदूर नहीं लगाए जा रहे हैं, जिसके कारण कार्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रहा है।

नौहट्टा प्रखंड के नागरिकों का कहना है कि पांडुका पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि हजारों लोगों के आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। पुल बनने से रोहतास और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, लेकिन लगातार हो रही देरी से लोगों की उम्मीदें कमजोर पड़ रही हैं।

ग्रामीणों ने केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि बरसात से पहले आवश्यक कार्य नहीं किए गए, तो नदी में पानी बढ़ने के बाद निर्माण कार्य लंबे समय तक प्रभावित हो सकता है।

क्षेत्र की जनता अब यह सवाल पूछ रही है कि आखिर उद्घाटन के बाद भी परियोजना इतनी धीमी गति से क्यों चल रही है और इसके पूरा होने की वास्तविक समय-सीमा क्या है। लोगों का मानना है कि यदि निर्माण कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो यह महत्वपूर्ण परियोजना वर्षों तक अधूरी रह सकती है।

जनता की आवाज:

"पुल का उद्घाटन तो हो गया, लेकिन काम की रफ्तार देखकर लगता है कि अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। बरसात आने वाली है, सोन नदी में पानी भर जाएगा और फिर काम रुकने की आशंका है। सरकार और एजेंसी को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।" – स्थानीय ग्रामीण, नौहट्टा प्रखंड।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...