खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
अमरोहा उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार तड़के दिल्ली-बरेली हाईवे (एनएच-9) पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गजरौला थाना क्षेत्र के खियालीपुर ढाल के पास हुई इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रही एक मारुति वैगन आर कार तेज रफ्तार में आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद दूसरे वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों में तीन लोग पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति बरेली का रहने वाला था। सभी लोग वैगन आर कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि चालक सलमान को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। उसकी बांह पर ‘फरमान’ नाम का टैटू भी बना हुआ मिला है।
सूचना मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली-बरेली हाईवे का यह हिस्सा पहले भी कई बड़े सड़क हादसों का गवाह रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment