खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्ट प्रखंड के स्थानीय पंचायत भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर आयुक्त विकास कुमार, बीडीओ मनोरमा कुमारी, सीओ मनोज कुमार एवं मुखिया सुनीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला से पहुंचे अधिकारियों को बीडीओ द्वारा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई।
बीडीओ मनोरमा कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना पार्ट-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत यह सहयोग शिविर आयोजित किया गया है। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निष्पादन करना है। लोगों ने आवेदन के माध्यम से अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों ने पेयजल, आवास, स्वच्छता, बिजली, स्वास्थ्य, कृषि विभाग, राशन कार्ड समेत कई योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन स्वीकार किए गए।
अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग को शिविर में 12 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पूर्व में 28 आवेदन मिले थे। इनमें से 30 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
नगर आयुक्त विकास कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान करना है। उन्होंने बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाएगा। प्रशासन सभी विभागों के समन्वय से जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेगा। पेयजल समस्या को लेकर सिलाली एवं बनुआ गांव में कनीय अभियंता द्वारा जांच-पड़ताल भी की गई।
मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी दिनेश तिवारी, पुलिस उपाध्यक्ष गौरव कुमार, थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रियेश कुमार सिंह, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार, सत्येंद्र दुबे, सुनील यादव समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
इसके साथ ही सत सत वंदन बिहार के साथ शिविर का समापन किया गया




Post a Comment