⚡ ब्रेकिंग News

नौहट्टा- लगभग 20 दिन से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति, सिंचाई संकट से जूझ रहे पड़रिया के किसान; आंदोलन की चेतावनी


 खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज

चीफ एडिटर –@रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:

तिउरा पंचायत के पड़रिया गांव में ट्रांसफार्मर तक जाने वाला 11 हजार वोल्ट का बिजली तार आंधी-तूफान में गिरने के बाद अब तक नहीं जोड़े जाने से पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। बिजली बाधित रहने से किसानों की खेती और सिंचाई कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि 13 मई 2026 को आए तेज आंधी-पानी में गांव का बिजली पोल एवं ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों द्वारा बिजली विभाग को इसकी सूचना दी गई थी। इसके अलावा संबंधित कनीय विद्युत अभियंता को लिखित आवेदन देकर बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग भी की गई, लेकिन डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और बिजली मिस्त्रियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। इस भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं खेती-किसानी पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।

स्थानीय किसान मुकेश कुमार ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण मूंग और सब्जियों की खेती प्रभावित हो रही है। खेतों की समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि खेती का यह महत्वपूर्ण समय है और बिजली नहीं रहने से उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

ग्रामीण किसानों ने बताया कि वर्तमान में रोहिणी नक्षत्र शुरू हो चुका है, जिसमें धान का बिचड़ा डालने का कार्य किया जाता है। लेकिन बिजली आपूर्ति बंद रहने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे धान की तैयारी भी बाधित हो रही है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में खेती पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब पोल, तार और ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति चालू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीण जनता ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने की अपील की है। मौके पर कृष्ण मुरारी मिश्रा, वीरेंद्र मिश्रा, विनय मिश्रा, लक्ष्मण कुमार मिश्रा, अनिल मिश्रा, हरिशंकर मिश्रा, संजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...