नौहट्टा (रोहतास)-
प्रखंड क्षेत्र के दारानगर पंचायत भवन परिसर में रविवार को मुखिया कौशल्या देवी के नेतृत्व में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बताया गया कि करीब छह माह पूर्व षष्ठम वित्त आयोग की राशि से पंचायत स्तर पर एक लाइब्रेरी की स्थापना की गई थी, जिसमें मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों को विशेष अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस लाइब्रेरी का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जहां अध्ययन करने वाले सभी छात्र-छात्राएं अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए।
समारोह के दौरान रेलवे में नौकरी प्राप्त करने वाले संजीत कुमार और दीवाकर कुमार को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अभिनव कुमार पाठक एवं सुप्रिया कुमारी तथा मैट्रिक में टॉपर रहे अनुष्का कुमारी, लौकेश कुमार और खुशबू कुमारी को डायरी, कलम एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा लगभग 40 अन्य छात्र-छात्राओं को भी कॉपी-कलम प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
मुखिया कौशल्या देवी ने कहा कि सरकार द्वारा लाइब्रेरी की स्थापना का जो उद्देश्य था, वह अब साकार होता दिख रहा है। मात्र छह महीनों में दो छात्रों का सरकारी नौकरी हासिल करना और अन्य का बेहतर परिणाम लाना पंचायत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर उपमुखिया गुलबहार खान, दीनबंधू पाठक, पिंटू खान, मुकेश कुमार, विक्रांत कुमार, अनंत मिश्र, विशाल कुमार, विनायक कुमार, विष्णु कुमार, बिट्टू कुमार, रविरंजन, रवि प्रसाद, खुशी सिंह, सुकृति महाजन, कोमल कुमारी, श्वेता कुमारी, दिव्या कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment