Tahalka Aawaz आपकी आवाज
बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीनी विवाद में पूर्व मुखिया के पति की उनके ही पट्टीदारों ने जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नौहट्टा थाना क्षेत्र के निमहत और चुनहट्टा के बीच जंगल रास्ते में सोमवार देर रात जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जयंतीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया के पति बुधन राम पिता- स्व0 विशुन राम पर उनके ही पट्टीदारों ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान एक बाइक सवार की लाइट पड़ते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। बाइक सवार ने चुनहट्टा गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना अध्यक्ष दिवाकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनका बयान दर्ज किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर तीन आरोपियों—नागेंद्र राजवंशी, राहुल राजवंशी और नन्हाई राजवंशी—को गिरफ्तार कर लिया। घायल के पैर, कंधे और चेहरे पर गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment