रायबरेली क्षेत्र के बछरावां में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार शाम पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति जिला पंचायत सदस्य चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के जमुरवां निवासी रामनेवल और तारापुर गांव के शैलेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के धंधे में सक्रिय थे और इलाके में इसकी सप्लाई करते थे।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी शैलेंद्र कुमार आगामी जिला पंचायत सदस्य चुनाव की तैयारी में जुटा था। इसके लिए उसने क्षेत्र में पोस्टर-बैनर लगवाए थे और सोशल मीडिया पर प्रचार वीडियो भी वायरल हो रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सख्ती से अवैध नशे के कारोबारियों में डर का माहौल हैl

Post a Comment