खबर:Tahalka Aawaz आपकी आवाजl
रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:
नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के बेलौंजा गांव में स्थित मां देवी भगवती मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर बुधवार को भव्य शिला पूजन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में वाराणसी से आए शास्त्रज्ञों एवं विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा। आचार्य पंडित कृपा सिंधु जी के सानिध्य में वाराणसी से आए पांच ब्राह्मणों एवं पांच जोड़ी जजमानों ने विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ कर मां भगवती से मंदिर निर्माण कार्य की सफलता की कामना की। इसके उपरांत मंदिर निर्माण के लिए विधिवत शिला पूजन किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर काफी समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर गांव में बैठक कर नए सिरे से मंदिर निर्माण कराने का निर्णय लिया गया था। उसी क्रम में पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में कृष्णा मेहता, सुनील चौधरी, दशरथ चौधरी, धर्मेंद्र मेहता, कामेश्वर बैठा, जितेंद्र चौधरी, रोहन कुमार, गिरधारी चौधरी, कुसुम देवी, सोनू कुमार, कन्हैया मेहता सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment