खबर: Tahalka Aawaz आपकी आवाज
चीफ एडिटर- रवि प्रकाश दुबे/नौहट्टा/रोहतास:-
नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र में आवास योजना के तहत दूसरी किस्त की राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले 49 लाभुकों पर प्रशासन सख्त हो गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोरमा कुमारी ने ऐसे सभी लाभुकों को लाल नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों की अंतिम मोहलत दी है।
जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में इन लाभुकों को आवास निर्माण के लिए दूसरी किस्त की राशि दी गई थी, लेकिन अब तक उन्होंने निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया। इससे पहले विभाग द्वारा श्वेत नोटिस जारी कर काम शुरू करने का निर्देश दिया गया था, जिसे लाभुकों ने नजरअंदाज कर दिया।
बीडीओ मनोरमा कुमारी ने बताया कि अब सख्त रुख अपनाते हुए लाल नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो संबंधित लाभुकों के खिलाफ आवास योजना की राशि के दुरुपयोग के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि समय सीमा के बाद भी कार्य नहीं होने पर नीलाम वाद दायर कर सरकारी राशि की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


Post a Comment